दुमका: प्रखण्ड सभागार भवन में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, रानीश्वर राजेश कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में प्रखण्ड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित किया गया।सर्वप्रथम आगामी गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों के पेयजल समस्या समाधान हेतु सभी पंचायत सचिव को अविलंब खराब जलमीनार एवं चापाकल को 15वीं वित्त अन्तर्गत आबद्ध मद से प्राक्कलन तैयार कर नियमानुसार मरम्मति कराने का निदेश दिया गया। पंचायत तालडंगाल एवं आसनबनी द्वारा 15वीं० वित्त आयोग अन्तर्गत क्रियान्वित योजनाओं के विपत्र से काटी रॉयल्टी एवं लेवर सेस को जमा नहीं करने पर उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित पंचायत सचिव का वेतन अगले आदेश तक स्थगित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2016-2022 तक लंबित 93 आवासों को पूर्ण करने का निदेश संबंधित पंचायत सचिव को दिया गया। साथ ही पी०एम०जनमन० एवं अबुआ आवास योजना अन्तर्गत लंबित आवासों को लक्ष्य के अनुरूप 24 मार्च तक पूर्ण करने का निदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग अन्तर्गत आयुष्मान कार्ड का शत प्रतिशत के०वाई०सी० कराने का निदेश संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी को दिया गया। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग की समीक्षा में पाया गया कि प्रखण्ड रानीश्वर अन्तर्गत क्रॉप सर्वे की प्रगति काफी कम है, जिसे अविलंब प्रगति लाने हेतु ए०टी०एम० को निदेशित किया गया, साथ ही अनुपस्थित बी०टी०एम० से स्पष्टीकरण किया गया। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना अन्तर्गत वैसे लाभुक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति / पिछड़ा वर्ग / अल्पसंख्यक जो पिछले छह माह के अन्दर किसी भी अस्पताल में भर्ती हो तो वैसे लाभुक की सूची कार्यालय में समर्पित करने का निदेश पंचायत सचिव को दिया गया। प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि कक्षा 1 एवं 2 के वैसे छात्र जिनका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना है उसकी सूची कार्यालय को अविलंब जमा करने का निदेश दिया गया। साथ ही बालिका विद्यालय में खराब पड़े शौचालय की सूची तैयार कर अविलंब कार्यालय में जमा करने का निदेश दिया गया।उक्त बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी, प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रानीश्वर, प्रभारी सहायक प्रबंधक गोदाम, प्रधान सहायक, प्रखण्ड समन्वयक आवास, सभी पंचायत सचिव आदि उपस्थित थे।

