देवघर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के बासुवाडीह मोड़ स्थित पूर्ण ब्रह्म वाटिका के सामने का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक शिव शंकर अपने परिवार के साथ किसी कार्यवश घर बंद कर बाहर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए एक केयरटेकर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन घटना की रात वह भी घर पर मौजूद नहीं था। इसी अवसर का लाभ उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पड़ोसी प्रमोद कुमार झा ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान की चोरी हुई है।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले काफी शातिराना तरीके अपनाए। उन्होंने पहले घर की बिजली व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय करने का प्रयास किया। जब वे इसमें पूरी तरह सफल नहीं हो सके तो सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर ही अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य न बच सके।
घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
