बोकारो चास के शिव शक्ति कॉलोनी वार्ड नंबर 17 स्थित नाला रोड में चाय पत्ती बेचने के बहाने बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच दो-तीन लोग आयुर्वेदिक चाय पत्ती बेचने के नाम पर 80 वर्षीय राम पुकार राम के घर पहुंचे। घर के निचले तल्ले पर उनकी 68 वर्षीय पत्नी हीरामणि देवी मौजूद थीं। बदमाशों ने बातचीत के दौरान महिला को चाय पत्ती चखने के लिए दी। महिला के मुंह में चाय पत्ती रखते ही वह कथित तौर पर बेहोश हो गईं। इसके बाद बदमाश उनके दोनों कानों की बालियां और मंगलसूत्र उतारकर फरार हो गए। घटना के समय महिला की बेटी ऊपर के तल्ले पर थी और बाथरूम में नहा रही थी। घटना सीसीटीवी में कैद होने की बात सामने आई है। सूचना पर चास थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

