बोकारो सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो हवाई अड्डा के समीप सोमवार को वज्रपात की चपेट में आने से 19 वर्षीय छात्र आलोक कुमार तुरी की दर्दनाक मौत हो गई। आलोक सेक्टर-1सी, क्वार्टर नंबर-1074 के सेमी परमानेंट निवासी था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, दोपहर में अचानक तेज बारिश शुरू होने पर आलोक बचने के लिए सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल आलोक को परिजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने बताया कि आलोक दोपहर करीब दो बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी मौसी से मिलने जा रहा है। किसी को यह अंदेशा नहीं था कि यह उसकी अंतिम यात्रा साबित होगी।मृतक के पिता लक्ष्मण तुरी एडीएम बिल्डिंग परिसर में एक छोटी चाय की दुकान चलाते हैं। बेटे की असमय मौत से वह गहरे सदमे में हैं, जबकि सदर अस्पताल में मां का रो-रोकर बुरा हाल था। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया।बारिश के दौरान खुले स्थानों और विशेष रूप से पेड़ों के नीचे खड़े रहने से वज्रपात का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
