बिहार में खपाने की थी तैयारी………..



चतरा। आगामी दुर्गापूजा और दशहरा को लेकर चतरा में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। उपायुक्त रवि आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने औरवा-होसिल गांव में छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान अवैध विदेशी शराब तैयार करने वाली मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव के अनुसार, अवैध फैक्ट्री दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में संचालित हो रही थी। यहां स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार की जाती थी। इसके बाद रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और आइकॉनिक वाइट जैसे ब्रांडों की बोतलों में शराब भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाए जाते थे।
माफियाओं ने शराब छिपाने के लिए छत पर रखी आठ पानी की टंकियों का इस्तेमाल किया था। बोतलों पर ‘फॉर सेल इन पंजाब’ का स्टीकर लगाकर शराब को बिहार में खपाने की तैयारी थी।
छापेमारी में 391 पेटी शराब, करीब 1600 लीटर स्पिरिट, 2000 लीटर तैयार रंगीन शराब, 40 लीटर कैरेमल और तीन पंचिंग मशीनें बरामद हुईं। मुख्य आरोपी दिलीप यादव, अरुण तिवारी और मिथिलेश यादव फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
