देवघर। सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पूरी तरह शिवमय हो गई। बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु देवघर पहुंचे। कांवरिया पथ से लेकर बाबा मंदिर तक हर ओर बोल-बम के जयकारे गूंजते रहे।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट अहले सुबह करीब 3 बजे खोला गया। इसके बाद सरदार पंडा द्वारा सरदारी पूजा संपन्न कराई गई। सुबह करीब 4:15 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू हुआ। अरघा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने बाबा पर गंगाजल अर्पित किया। लंबी कतार में लगने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में बाह्य अरघा की व्यवस्था की गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, जहां पूजा और जलार्पण का लाइव प्रसारण किया जा रहा है। अंतिम सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने करीब 3 से साढ़े 3 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई। रूट लाइन की लगातार निगरानी की गई और जरूरत के अनुसार श्रद्धालुओं को बीएड कॉलेज परिसर स्थित डोम पंडाल में शिफ्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल और क्यूआरटी टीमें भी तैनात रहीं।
