देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार आज जिले में झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखण्ड पात्रता परीक्षा-2024 के सफल एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संचालन को लेकर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा व अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के ‘कंट्रोल रूम’, सीसीटीवी फुटेज और परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने केंद्र अधीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि, “परीक्षा की गोपनीयता और पवित्रता सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने वीक्षकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वे परीक्षा कक्ष में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। आगे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और दंडाधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 के अनुपालन और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन मुस्तैद है। साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल, बिजली और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया गया।
