देवघर: झारखंड के निर्माता एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को देवघर के हवाई अड्डा मोड़ स्थित वीर दिशोम गुरु चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने स्व. शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, महापौर रवि राउत, उप महापौर टीप चटर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिशोम गुरु को नमन किया।वक्ताओं ने स्व. शिबू सोरेन के झारखंड आंदोलन, आदिवासी समाज के उत्थान और राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और जनसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। समारोह के दौरान श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


