देवघर दौरे पर पहुंचे झारखंड के निदेशक समेति सह निदेशक भूमि संरक्षण विकास कुमार ने कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। संयुक्त कृषि भवन चांदपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने देवीपुर प्रखंड में तालाब जीर्णोद्धार, डीप बोरिंग और प्राकृतिक खेती के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मधुपुर प्रखंड के चेचाली गांव में आयोजित किसान गोष्ठी में निदेशक विकास कुमार ने किसानों के बीच 100 प्रतिशत अनुदान पर अरहर बीज का वितरण किया। उन्होंने दलहनी फसलों के वैज्ञानिक महत्व और भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में उनकी भूमिका की जानकारी दी। किसानों का उत्साह बढ़ाने के लिए निदेशक स्वयं खेत में उतरे और पारंपरिक तरीके से धान की रोपनी की। इस दौरान किसानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. बिना कुमारी टुडू, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी यशराज, उप परियोजना निदेशक आत्मा अरविंद कुमार राय सहित कृषि विभाग के अधिकारी, प्रसार कर्मी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। निदेशक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर हर किसान तक पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

