देवघर:पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने पाथरौल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Airtel Payment Bank और Google पर PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल और सिम साइबर ठगी में इस्तेमाल होने की पुष्टि हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नकली कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंक खातों से ठगी करते थे। वहीं, Airtel Payment Bank के अधिकारी बनकर कार्ड बंद होने का झांसा देकर Airtel Thanks ऐप के माध्यम से भी लोगों को ठगते थे।
पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
