देवघर: श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों और राहगीरों को हथियार के बल पर लूटने वाले गिरोह के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के झाझा निवासी 25 वर्षीय विष्णु यादव को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा रिखिया थाना क्षेत्र से लूटा गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ पिस्टल का भय दिखाकर वाहनों को रोककर लूटपाट करता था और सावन के दौरान कांवरियों को भी निशाना बनाता था।इस मामले में रिखिया थाना कांड संख्या 97/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस-2023 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।यह कार्रवाई सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है।
