देवघर जिले की कुंडा थाना पुलिस ने टोटो लूटपाट के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टोटो, एक मोबाइल फोन, चार ई-रिक्शा बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 29 जून को पीड़ित रामबालक राय ने कुंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 28 जून की रात डीएवी स्कूल के समीप बाइक सवार चार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया और उनका टोटो, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुंडा थाना क्षेत्र के गोरियपुर निवासी सुमित कुमार मंडल और लीलाम्बर मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया एक टोटो, चार ई-रिक्शा बैटरियां, एक मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही इस मामले में फरार शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
