देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा टोला में पुलिस ने छापेमारी कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने राहुल कुमार महथा उर्फ राहुल महथा और राजीव कुमार सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 80 ग्राम गांजा और 10.77 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद सिंघवा स्थित एक एस्बेस्टस के मकान में छापेमारी की गई, जहां दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मादक पदार्थ बरामद किए गए। मामले में नगर थाना कांड संख्या 452/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राजीव कुमार सोनी के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और मादक पदार्थों से संबंधित मामले शामिल हैं। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
