देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 22 अगस्त को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधी फर्जी तरीके से FLIPKART और Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा PM किसान योजना के नाम पर भी साइबर ठगी किए जाने की सूचना थी।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में निरंजन महरा, दीपक कुमार, आदर्श महरा, शुभम कुमार दास, राहुल कुमार दास, सौरभ कुमार दास, सुमित कुमार दास, कुन्दन दास और उत्तम कुमार दास शामिल हैं। सभी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
