देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 24 अक्टूबर को सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंकू भोक्ता, चंदन यादव और रौशन कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और गूगल पे-फोनपे के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करते थे। इसके अलावा, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
