देवघर के सूचना भवन सभागार में किसानों को खाद की खरीद-बिक्री से जुड़ी डिजिटल व्यवस्था की जानकारी देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवघर विधायक सुरेश पासवान, डीडीसी पीयूष सिन्हा, वीणा कुमारी कृषि पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान मित्र एवं किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को खाद वितरण प्रणाली में Fertilizer ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। बताया गया कि ऐप के माध्यम से खाद की उपलब्धता, खरीद-बिक्री और वितरण व्यवस्था को डिजिटल तरीके से संचालित करने में सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को खाद की खरीदारी से संबंधित जानकारी आसानी से मिल सकेगी और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने में भी मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने किसानों और किसान मित्रों से डिजिटल प्रणाली का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से किसानों को खाद से संबंधित प्रक्रिया और ऐप के इस्तेमाल के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि तकनीक के माध्यम से किसानों तक कृषि सुविधाओं को सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



