देवघर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को के.के.एन. स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में वीर सपूतों के परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन ने देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के परिवारजनों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने वीर जवानों के परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मौजूद लोगों ने भी वीर सपूतों के परिजनों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
