देवघर: राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त रोहित कुमार सिन्हा का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2022 बैच की आईएएस अधिकारी सुलोचना मीणा को देवघर नगर आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है। वर्तमान में सुलोचना मीणा पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में कार्यरत थीं।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रोहित कुमार सिन्हा को पलामू प्रमंडल आयुक्त के सचिव पद पर पदस्थापित किया गया है। सुलोचना मीणा के नगर आयुक्त बनने से देवघर नगर निगम को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिलेगा। शहर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य शहरी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उनसे काफी अपेक्षाएं हैं। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, रोहित सिन्हा के कार्यकाल में नगर निगम द्वारा कई विकासात्मक और जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिली थी।
