देवघर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) तनुजा कुमारी को सम्मानित किया गया। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (15-विधानसभा क्षेत्र, देवघर) रवि कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। तनुजा कुमारी, भाग संख्या-20 स्थित यूएमएस बिल्डिंग गादी जमुआ (पश्चिमी भाग) की बीएलओ हैं। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान अपने आवंटित क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण तथा 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया। उनके इस प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।इस अवसर पर एसडीओ सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने कहा कि तनुजा कुमारी की कार्यशैली अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायी है और उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी इसी समर्पण के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
