देवघर: जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, आवास तथा राजस्व से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना तथा राजस्व से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। भू-अर्जन से संबंधित मामलों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अंचल कार्यालयों में लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व उप-निरीक्षकों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की प्रभावी निगरानी की जा सके।
