देवघर जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान योजना, भू-राजस्व, पेंशन, आवास तथा राशन कार्ड से संबंधित मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा गया। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
इस दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पीएम किसान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं एक ग्रामीण की कुआं मरम्मत से जुड़ी समस्या पर संबंधित बीडीओ को तत्काल कार्रवाई कर मरम्मत कार्य कराने तथा इसकी सूचना उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में प्रत्येक बुधवार को नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाए। उन्होंने सभी बीडीओ और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करें।
साथ ही उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
कार्यक्रम में कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
