देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 12 जून 2026 को पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सुरा-भुरा जंगल में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराजुद्दीन अंसारी, चंदन कुमार दास और नीलेश कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe Customer Care के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लोगों के खातों से ठगी करते थे। वहीं Airtel Payment Bank से जुड़ी सेवाओं के नाम पर भी उपभोक्ताओं को भ्रमित कर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल और सिम की तकनीकी जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा ठगी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
