देवघर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने पालाजोरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 अप्रैल 2026 को की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी Flipkart, Amazon, PhonePe, Paytm और Airtel Payment Bank के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को धर दबोचा।
जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताते थे। इसके बाद वे लोगों को कैशबैक, गिफ्ट कार्ड, लोन, पीएम किसान योजना या बैंक कार्ड से संबंधित सुविधाओं का झांसा देकर उनसे ऑनलाइन ठगी करते थे।
