देवघर नगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का देवघर पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 283/26 दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को राजेंद्र नगर, पुरनदाहा निवासी भोला प्रसाद यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर दो जोड़ी चांदी की पायल और एक सोने की कानबाली चोरी कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर हिरना निवासी अजहरुद्दीन शेख (22), आसिफ शेख (20) तथा चोरी के सामान के खरीदार जून पोखर निवासी सुरेश पोद्दार (45) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिघले हुए रूप में दो जोड़ी चांदी की पायल तथा एक सोने की कानबाली बरामद की है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

