देवघर:सावन माह की पहली सोमवारी पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी, जो नंदन पहाड़ तक पहुंच गई। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर रहे हैं।
श्रद्धालु नंदन पहाड़, बरमसिया, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, मानसरोवर क्यू कॉम्प्लेक्स और फुट ओवर ब्रिज होते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं। गर्भगृह के बाहर स्थापित अरघा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है। वहीं, कतार में शामिल नहीं हो पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में बाह्य अरघा की भी व्यवस्था की गई है।
सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि पहली सोमवारी पर लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के जलार्पण की संभावना है तथा पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार प्रातः विशेष पूजा-अर्चना और सरदारी पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोला गया। सरदार पंडा ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी पर गंगाजल और बेलपत्र अर्पित करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धालुओं के बीच पूरे दिन ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से बाबा नगरी भक्तिमय बनी रही।



