देवघर के भू-अर्जन कार्यालय में आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। एसीबी की टीम ने कार्यालय के बड़ा बाबू निरंजन कुमार और पियुन नूनदेव यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि जमीन से संबंधित एक मामले को निपटाने के लिए आवेदक से पांच प्रतिशत घूस की मांग की जा रही थी।आवेदक ब्रह्मदेव ने इस मामले की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरे मामले की जांच की और योजना बनाकर कार्रवाई की। आज जैसे ही रिश्वत की राशि ली जा रही थी, उसी समय एसीबी के डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को एसीबी की टीम अपने साथ ले गई और उनसे पूछताछ की जा रही है। एसीबी की इस कार्रवाई से भू-अर्जन कार्यालय में हड़कंप मच गया। वहीं, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर घूसखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
