राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर रविवार को विभाग की टीम ने आर.आर. बक्शी रोड, भोला पंडा पथ, सरदार पंडा लेन और मंदिर क्षेत्र में स्थित 27 रेस्टोरेंट, होटल एवं पेड़ा दुकानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान पेड़ा में स्टार्च की मिलावट पाए जाने पर करीब 22 किलोग्राम पेड़ा मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, 4 लीटर एक्सपायर्ड सोया सॉस और 2 पैकेट एक्सपायर्ड ब्रेड भी बरामद कर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
