देवघर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया। सत्संग, शिक्षा सभा चौक, चांदनी चौक, भोला पंडा पथ, बैद्यनाथ लेन और सिंह द्वार क्षेत्र में कुल 47 पेड़ा दुकानों, मिठाई दुकानों एवं भोजनालयों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मानक अनुरूप नहीं पाए जाने पर 30.5 किलो पेड़ा नष्ट कराया गया। वहीं चार भोजनालयों में अखाद्य रंग के इस्तेमाल का मामला सामने आया। मौके पर 9 किलो दाल, 18 किलो सब्जी और 10 किलो चना-घुघनी नष्ट कराई गई। इसके अलावा 1 किलो हल्दी और 4 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाद्य तेल भी नष्ट कराया गया। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। प्रथम दृष्टया मानक अनुरूप पाए गए पेड़ा के दो वैधानिक नमूने भी लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। विभाग ने कहा कि मिलावट, अखाद्य रंगों के प्रयोग और मानकों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषी कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
