देवघर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 13 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिकअप वैन, नकद राशि और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर की ओर से एक पिकअप वैन में ब्राउन शुगर लेकर देवघर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर 8 जुलाई 2026 की रात नगर थाना पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसके तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
