देवघर पुलिस अधीक्षक सौरभ ने जिले के थानेदारों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में बढ़ते साइबर अपराध, ब्राउन शुगर की तस्करी और नशे की लत से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। एसपी सौरव कुमार ने कहा कि नशे की वजह से कई बच्चे गलत रास्ते पर जा रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनका भविष्य खराब हो रहा है बल्कि समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि उन्हें अपने बच्चों में नशे की आदत या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे बिना किसी डर के सीधे प्रशासन से संपर्क करें। एसपी ने साफ कहा कि जो बच्चे नशे की चपेट में हैं, उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य उन्हें सुधारना और सही मार्ग पर लाना है। लेकिन नशे का कारोबार करने वाले, सप्लायर और डीलरों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि साइबर अपराध और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

