देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर स्थित माता पार्वती मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित श्रद्धालु ने बाबा मंदिर के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मामले की जांच में जुट गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के यायापुर थाना क्षेत्र निवासी रामप्रवेश साह अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए देवघर पहुंचे थे। शनिवार को वे माता पार्वती मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया।पूजा समाप्त होने के बाद जब रामप्रवेश साह ने अपना मोबाइल खोजा तो वह नहीं मिला। काफी तलाश के बावजूद मोबाइल का कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने तत्काल बाबा मंदिर के कंट्रोल रूम पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही मंदिर प्रशासन एवं सुरक्षा विभाग के कर्मी सक्रिय हो गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई।बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मोबाइल चोरी की घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान की जा सके। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मोबाइल बरामद नहीं हो सका था।बाबा बैद्यनाथ धाम में सावन और अन्य विशेष अवसरों के अलावा सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़भाड़ का लाभ उठाकर जेबकतरे और चोर सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा कर्मियों या कंट्रोल रूम को दें।


