नकली पिस्टल, मोबाइल और अपाची बाइक बरामद; स्थानीय युवक से मारपीट में एक आरोपी घायल।
देवघर। मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के लहरजोरी मोड़ के पास हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन यादव (22), डब्लु यादव (24) और संजय यादव (22) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से नकली पिस्टल, मोबाइल फोन और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 9:15 बजे मधुपुर निवासी त्रिपुरारी रजवार अपने खलासी कुंदन विश्वकर्मा के साथ बोलेरो पिकअप से मछली लाने आसनसोल जा रहे थे। आरोप है कि काले रंग की अपाची बाइक पर सवार तीन लोगों ने मधुपुर से उनका पीछा किया। रात करीब 10:10 बजे लहरजोरी मोड़ के पास पिस्टल दिखाकर उन्हें रोकने और रुपये, मोबाइल व वाहन की चाबी लूटने का प्रयास किया।
शोर सुनकर स्थानीय निवासी वसीम अंसारी बचाने पहुंचे। इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टल की बॉडी से उनके सिर पर वार किया और पेट में काट लिया। हाथापाई में आरोपी भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने अर्जुन यादव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में छापेमारी कर डब्लु यादव और संजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने स्टील रंग की नकली पिस्टल, रियलमी मोबाइल और अपाची मोटरसाइकिल जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
