देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को विभागीय टीम ने लक्ष्मी चौक, शिवगंगा एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित पेड़ा भंडार, भोजनालयों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता संबंधी खामियां पाए जाने पर कुल 68.5 किलो पेड़ा और 11 किलो छोला मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अलावा विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।
अभियान के क्रम में संजीव बलियासे इलायची फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान गंदगी एवं वैध FSSAI लाइसेंस नहीं पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल फैक्ट्री का संचालन बंद करने का निर्देश दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावट, अस्वच्छता और बिना वैध लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

