10 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात…………..
देवघर।विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रशासन के साथ-साथ देवघर पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न संवेदनशील स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था तथा मेला ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के आवासन स्थलों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवरिया पथ पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा पुलिस बल की तैनाती से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले में करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), रैपिड एक्शन पुलिस (RAP), डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता, ट्रैफिक पुलिस तथा अन्य अतिरिक्त सुरक्षा बल भी पूरे मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी के माध्यम से मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वे सुरक्षित और सुगम वातावरण में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर सकें। इसके लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


