देवघर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नगर थाना क्षेत्र से एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिरणा निवासी अफरोज शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.01 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹85,150 नकद तथा एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सत्संग रेलवे हाल्ट ओवरब्रिज के समीप एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। 26 जुलाई 2026 की शाम नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 288/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 27(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में आरोपी के साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस ने इसे नशे के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।

