देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 21 अगस्त को पाथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से FLIPKART और Amazon Pay कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी, Google पर PhonePe कस्टमर केयर तथा PM किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान संजीत कुमार दास, सरोज कुमार दास, नितेश कुमार दास, मुन्ना कुमार दास, शिवनंदन कुमार और अनवर अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
