धनबाद। जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ काली मंदिर के समीप मंगलवार सुबह अचानक भू-धंसान होने से कई घर जमींदोज हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में करीब छह से सात लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक मासूम की मौत की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृतक की पहचान और मौत की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
भू-धंसान से कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पूर्व में हुए अवैध कोयला खनन के कारण जमीन अंदर से खोखली हो गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग जाम कर दिया और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की।
ग्रामीणों ने अवैध खनन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मौके पर पहुंचे बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने भी भू-धंसान के पीछे अवैध खनन को जिम्मेदार बताया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

