धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में देर रात हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा गोली और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप रंगदारी और पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी। घटना के दौरान करीब चार राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गैंगवार की मुख्य वजह आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
धनबाद से चंदन पांडे की रिपोर्ट………..
