धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे बड़ा भू-धसान होने से दो मंजिला मकान सहित 20 से अधिक घर जमीन में धंस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर घरों से बाहर भागे। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और धंसे हुए मकानों से लोगों को बाहर निकाला। घटना में करीब आठ लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय कोयला खदान में ब्लास्टिंग के कुछ ही देर बाद तेज कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद जमीन फटने लगी और कई मकान देखते ही देखते धंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।घटना के बाद स्थानीय लोगों में बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि भूमिगत खनन और लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण यह हादसा हुआ है। प्रभावित परिवारों ने सुरक्षित स्थान पर शरण ली है और प्रशासन से तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पूरे क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित कर बैरिकेडिंग कर दी है।




