धनबाद: ऑपरेशन ‘दौरा पहाड़’ के तहत गिरफ्तार भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत पांच आरोपियों को गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद जेल भेज दिया गया। इससे पहले सभी आरोपियों को रांची से धनबाद लाया गया, जहां सदर अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई गई।
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार इन आरोपियों को पुलिस के सख्त सुरक्षा घेरे में अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि अस्पताल परिसर में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई और फोटोग्राफी पर भी रोक लगा दी गई। जांच के दौरान सभी आरोपियों के चेहरे ढके हुए थे।
मेडिकल परीक्षण पूरा होने के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में धनबाद मंडल कारा भेज दिया। पूरे अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन ‘दौरा पहाड़’ नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच जारी है।
