दुमक जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। वरीय पदाधिकारी से मिली सूचना के आधार पर हंसडीहा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में हंसडीहा, रामगढ़ और जामा थाना की पुलिस ने सिलठा गांव स्थित एक पक्के मकान में छापेमारी की। पीतांबर लाइन होटल के समीप रामगढ़ मोड़ के पास की गई कार्रवाई में मकान के दो अलग-अलग कमरों से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मौके से हथियार बनाने में उपयोग होने वाला बड़ा लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन, कटिंग मशीन, वेल्डिंग मशीन, एंगल ग्राइंडर, मोटर समेत कुल 55 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है। बरामद सामानों में पिस्टल के स्लाइड, ग्रिप और बैरल के आकार में कटे लोहे के हिस्से तथा मैगजीननुमा लोहे के टुकड़े भी शामिल हैं।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अक्षय कुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता दीपक मरिक को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




