दुमका। श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम से पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो मंगलवार को दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-बासुकीनाथ एनएच-114 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा डोमनाडीह गांव के समीप उस समय हुआ, जब वाहन का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।

स्कॉर्पियो में बिहार के सुपौल जिले के आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो बाबा बासुकीनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना में रोमी कुमार, गीता कुमारी, अनिल कुमार, सोनी कुमारी और प्रमोद साह सहित कई श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जरमुंडी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-114 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया। घायल श्रद्धालुओं ने कहा कि “बाबा भोलेनाथ की कृपा से बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।” घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात को सामान्य कराया।
