दुमका–भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारो गांव के समीप रविवार को एक अनियंत्रित कंटेनर ने पुलिस गश्ती वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गश्ती वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।हालांकि वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर कोलकाता से नेपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान भंडारो गांव के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया। बताया जाता है कि तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले गिट्टी लदे एक हाईवा को ठोकर मारी और उसके बाद सीधे रामगढ़ थाना की गश्ती दल के वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सौभाग्य से गश्ती वाहन में सवार पुलिसकर्मियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कंटेनर चालक शराब के नशे में था और अत्यधिक रफ्तार में वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया। घटना के बाद रामगढ़ पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है तथा चालक से पूछताछ जारी है।


