दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ थाना क्षेत्र के गजम्बा गाँव के समीप एक अज्ञात ट्रक ने दुमका से हंसडीहा जा रही एक यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल से जा टकराई।मिली जानकारी के अनुसार, दुमका की ओर से आ रही पुष्पांजलि बस को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने जोरदार धक्का मारा। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उस समय बस में कई यात्री सवार थे।इस दुर्घटना में छह यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे रहने के कारण और तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की गई है।
