गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड के नावाडीह और पुरनाडाबर गांव के बीच स्थित जंगल में सोमवार सुबह दो जंगली हाथियों की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हाथियों के जंगल के आसपास घूमने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात दोनों हाथी नावाडीह गांव में घुस आए और किसानों की खेतों में लगी फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया। इससे कई किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।
सुबह ग्रामीणों ने दोनों हाथियों को जंगल की ओर जाते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने तथा गांव में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति या हाथियों की गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
