हीरोडीह (गिरिडीह): आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को हीरोडीह थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी महेश चंद्रा ने की। बैठक में खोरीमहुआ एसडीपीओ, अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मोहर्रम जुलूस, अखाड़ों के संचालन, निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी महेश चंद्रा ने कहा कि मोहर्रम आस्था, अनुशासन और त्याग का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा अफवाह फैलाने, भड़काऊ गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि हीरोडीह थाना क्षेत्र में वर्षों से मोहर्रम का आयोजन आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ होता आया है तथा इस वर्ष भी इसी परंपरा को बनाए रखने की अपेक्षा है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
