झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को पत्नी कल्पना सोरेन के साथ गिरिडीह पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग भी अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन को व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा। दिवंगत मंत्री की अंतिम यात्रा गिरिडीह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को आवास ले जाया जाएगा, जहां से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। पूरे गिरिडीह में शोक की लहर है।
