गांव में पसरा मातम….
जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर तीनों बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए और गहरे पानी में डूब गए। तालाब बच्चों के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 5 वर्षीय आर्यन अंसारी, पिता जसीमुद्दीन अंसारी, करीब 6 वर्षीय नासिर अंसारी, पिता तबारक अंसारी और करीब 6 वर्षीय अमर सोहेल, पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, बीडीओ अबीश्वर मुर्मू और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे से गांव में शोक की लहर है।
