जामताड़ा के न्यू कॉलोनी निवासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी सत्यनारायण सिन्हा (78) का रविवार सुबह करीब 10 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।सत्यनारायण सिन्हा अपने मिलनसार स्वभाव, सामाजिक कार्यों और जनसेवा के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। वे हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे रहते थे, जिसके कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उनका सम्मान था।उनके निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, शुभचिंतक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उनके आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सभी ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।अपने पीछे वे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र विजय सिन्हा, राकेश सिन्हा, टिंकू सिन्हा, रजनी सिन्हा और सनी सिन्हा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम संस्कार पारिवारिक रीति-रिवाज के अनुसार किया जाएगा। उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
