जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबिंदपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।
मृतकों की पहचान बुटबेरिया गांव निवासी 22 वर्षीय इरशाद अंसारी और 24 वर्षीय मुर्शरफ अंसारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरिडीह वन गांव के समीप मछली लेकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो युवकों की असामयिक मौत से आक्रोशित लोगों ने गोबिंदपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इधर, इस हृदयविदारक हादसे के बाद बुटबेरिया गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………..
